रायपुर, 23 मार्च 2026: राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री के आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों और कानून व्यवस्था को लेकर आज पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ चर्चा की और सुरक्षा संबंधी कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को त्रुटिहीन बनाना और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था।
पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन चाहे शासकीय हो या निजी, आयोजकों को ‘वर्मा कमीशन’ की रिपोर्ट का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा और इसका लिखित वचन देना होगा। इसके साथ ही, लोक निर्माण विभाग (PWD) को मंच निर्माण और अन्य बुनियादी ढांचों की मजबूती सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने तकनीकी व्यवस्थाओं पर जोर देते हुए विद्युत विभाग और ई एंड एम (E&M) के अभियंताओं को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर माइक सिस्टम और बिजली की आपूर्ति निर्बाध होनी चाहिए। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए कार्यक्रम स्थल पर बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था (बैकअप) अनिवार्य रूप से रखी जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का कड़ाई से पालन करने और आयोजन से पहले सुरक्षा ऑडिट करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सीएमएचओ (CMHO) को निर्देश दिए गए हैं कि मुख्यमंत्री के कारकेड और कार्यक्रम स्थल पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं के साथ तैनात रहे। वहीं, जिला सेनानी को प्रत्येक आयोजन स्थल पर फायर ब्रिगेड और अग्निशमन यंत्रों की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। बैठक में एडीएम उमाशंकर बंदे, एडीसीपी दौलत राम पोर्ते और नगर निगम उपायुक्त सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें आपसी तालमेल के साथ कार्य संपन्न कराने की जिम्मेदारी दी गई है।

