गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर का ऐतिहासिक गोल बाजार पूरी तरह से भक्तिमय और उत्सव के उल्लास से सराबोर नजर आया। इस खास मौके पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रात्रि में गोल बाजार पहुंचकर श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा स्थापित विघ्नहर्ता भगवान गणेश के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने हनुमान मंदिर के समीप सजे गणेशोत्सव पंडाल में भगवान गणेश को मुकुट पहनाया और तिलक लगाकर उनकी आराधना की। उन्होंने मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश की आरती उतारी और विघ्नविनायक से छत्तीसगढ़ के प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद मांगा।
मुख्यमंत्री ने गोल बाजार की इस 117 वर्षों से चली आ रही गौरवशाली गणेशोत्सव परंपरा की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी आस्था और सामाजिक सहभागिता के साथ किसी सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखना बेहद खास है, जो हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ नई पीढ़ी को सामाजिक मूल्यों से जोड़ती है।
भगवान गणेश के दर्शन और पूजन के पश्चात मुख्यमंत्री श्री साय गोल बाजार में ही स्थित 150 वर्ष से अधिक पुराने प्राचीन हनुमान मंदिर भी पहुंचे। उन्होंने यहां बजरंगबली के दर्शन कर प्रदेशवासियों के कल्याण और राज्य की निरंतर प्रगति की मंगल कामना की।
गोल बाजार पहुंचने पर गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों द्वारा मुख्यमंत्री का ढोल-नगाड़ों की मंगलध्वनि और फूल-मालाओं के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

