भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में ग्राहकों की बदलती पसंद को देखते हुए दक्षिण कोरियाई प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी हुंडई मोटर (Hyundai Motor) एक बिल्कुल नए प्रोडक्ट के साथ उतरने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर अपनी आगामी नई प्रीमियम कॉम्पैक्ट एसयूवी का नाम ‘Bayon’ (बायोन) तय कर दिया है। भारतीय बाजार में इस गाड़ी को इस तरह डिजाइन और कस्टमाइज किया गया है कि यह सीधे तौर पर देश की सबसे लोकप्रिय क्रॉसओवर गाड़ियों में से एक, मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स को कड़ी टक्कर दे सके।
साइज और पोजीशनिंग के लिहाज से यह नई एसयूवी हुंडई की मौजूदा सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी ‘वेन्यू’ (Venue) और बेस्ट-सेलिंग मिड-साइज एसयूवी ‘क्रेता’ (Creta) के बीच की खाली जगह को भरेगी। हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में बिकने वाले मॉडल से अलग, भारत-स्पेक बायोन को यहाँ के ग्राहकों की खास जरूरतों के मुताबिक तैयार किया गया है। इसका बॉडी स्टाइल पारंपरिक बॉक्सनुमा एसयूवी की बजाय एक स्पोर्टी और स्टाइलिश क्रॉसओवर जैसा होगा, जिसे युवा खरीदारों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
फीचर्स के मामले में हुंडई हमेशा से अपने सेगमेंट में आगे रही है और इस आगामी गाड़ी से भी यही उम्मीद की जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके केबिन में एक बड़ा डुअल-स्क्रीन सेटअप मिल सकता है, जिसमें टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले शामिल होंगे। इसके अलावा इसमें वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, वायरलेस स्मार्टफोन कनेक्टिविटी और अत्याधुनिक ब्लूलिंक (Bluelink) कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी जैसे प्रीमियम फीचर्स दिए जाने की संभावना है।
सुरक्षा के मोर्चे पर भी हुंडई इस गाड़ी को बेहद मजबूत बनाने वाली है। चर्चा है कि इसमें पैसेंजर सेफ्टी का पूरा ख्याल रखते हुए लेवल-2 एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS), 360-डिग्री कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल और स्टैंडर्ड तौर पर कई एयरबैग्स दिए जा सकते हैं। यह तमाम हाई-टेक फीचर्स इस सेगमेंट की अन्य गाड़ियों के मुकाबले इसे काफी बढ़त दिला सकते हैं।
इंजन और परफॉर्मेंस की बात करें तो हुंदाई इस क्रॉसओवर में पेट्रोल और सीएनजी (CNG) दोनों विकल्पों के साथ उतार सकती है। इसमें 1.2-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ-साथ अधिक पावर चाहने वालों के लिए टर्बो-पेट्रोल इंजन का विकल्प भी मिल सकता है। ईंधन की बचत और कम खर्च देखने वाले ग्राहकों के लिए इसमें फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी किट का विकल्प भी शामिल किए जाने की चर्चा है, जो इसे रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए और भी किफायती बनाएगा।
कीमत की बात करें तो ऑटो सेक्टर के जानकारों का अनुमान है कि हुंडई इस नई एसयूवी को आक्रामक कीमत पर उतार सकती है। भारतीय बाजार में इसकी संभावित शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹10 लाख से ₹15 लाख के आसपास हो सकती है। इस प्राइस ब्रैकेट के साथ यह गाड़ी न सिर्फ Maruti Fronx बल्कि Toyota Taisor, Tata Nexon और Kia Sonet जैसी गाड़ियों को भी टक्कर देगी।
त्योहारों के सीजन के आस-पास इसे बाजार में उतारे जाने की चर्चा है, जिससे कंपनी को फेस्टिव डिमांड का पूरा फायदा मिल सके। जो ग्राहक हुंडई क्रेटा जितनी बड़ी गाड़ी नहीं खरीदना चाहते, लेकिन वेन्यू से ज्यादा स्टाइलिश, आधुनिक और क्रॉसओवर लुक वाली प्रीमियम गाड़ी चाहते हैं, उनके लिए यह नई हुंडई बायोन एक बेहतरीन विकल्प बनकर उभर सकती है।

