छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ द्वारा राज्य पुरस्कार अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। इस भव्य समारोह में राज्यपाल श्री रमेन डेका ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि अध्यक्षता शिक्षा मंत्री एवं संगठन के अध्यक्ष श्री गजेंद्र यादव ने की। इस अवसर पर प्रदेशभर से चयनित कुल 1122 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए राज्य पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल श्री रमेन डेका ने पर्यावरण संरक्षण को आज के समय की सबसे बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने जल और जंगल को बचाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स पर्यावरण संरक्षण, जल संचयन और वनों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण के लिए बेहद प्रभावी पहल करार दिया।
राज्यपाल ने बस्तर क्षेत्र से आए स्काउट्स एवं गाइड्स की उपस्थिति पर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद बस्तर में शांति स्थापित हो चुकी है और यह क्षेत्र अब तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। युवाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए समय की पहचान और निरंतर संघर्ष जरूरी है, क्योंकि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से ही हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
शिक्षा मंत्री एवं संगठन के अध्यक्ष श्री गजेंद्र यादव ने कहा कि स्काउटिंग की वर्दी अनुशासन, सेवा और समर्पण के मूल्यों का प्रतीक है। स्काउटिंग से जुड़ने वाला व्यक्ति जीवनभर सेवाभाव के साथ कार्य करता है। उन्होंने सभी सम्मानित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक निष्ठा से समाजसेवा करने के लिए प्रेरित करेगा तथा वे आगे चलकर राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त करने की दिशा में भी अग्रसर होंगे।
इस अलंकरण समारोह में कुल 405 स्काउट्स, 528 गाइड्स, 64 रोवर्स और 125 रेंजर्स को राज्यपाल के हाथों पदक व प्रमाण पत्र मिले। इसके अतिरिक्त, स्काउटिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विभिन्न जिलों के सर्वश्रेष्ठ स्काउटर, गाइडर, रोवर, रेंजर, स्काउट और गाइड को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही, दीर्घकालीन सेवाएं देने वाले पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार राशि प्रदान की गई तथा लोकभवन में पदस्थ एडीसी श्री उदित पुष्कर (आईपीएस)को रैंक बैज लगाकर सम्मानित किया गया।

