छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने विधानसभा में पारित धर्मांतरण कानून को लेकर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने इसे केवल ‘दिखावा’ करार देते हुए कहा कि सरकार का असली मकसद समाज में ध्रुवीकरण कर वोटों की राजनीति करना है। बैज ने सवाल उठाया कि क्या इस सख्त कानून के लागू होने के बाद भाजपा यह लिखित गारंटी दे सकती है कि प्रदेश में धर्मांतरण पूरी तरह रुक जाएगा।
राज्य में लगातार सामने आ रहे अवैध अफीम की खेती के मामलों पर भी बैज ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। दुर्ग और बलरामपुर के बाद अब रायगढ़ के तमनार में अफीम की खेती पकड़े जाने को उन्होंने सरकारी संरक्षण का नतीजा बताया। बैज का आरोप है कि प्रदेश में यह चौथा बड़ा मामला है, जो स्पष्ट करता है कि बिना सत्ता पक्ष की शह के इतने बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की खेती मुमकिन नहीं है।
आम जनता से जुड़े एलपीजी सिलेंडर की किल्लत के मुद्दे पर बैज ने केंद्र और राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में गैस की भारी कमी है, जिसके कारण लोग लंबी कतारों में लगने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ढुलमुल नीतियों की वजह से कालाबाजारी को बढ़ावा मिल रहा है और गरीब आदमी की रसोई का बजट बिगड़ गया है।
आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों को लेकर भी दीपक बैज ने भाजपा की घेराबंदी की। उन्होंने विशेष रूप से पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार वहां फोर्स भेजकर और अधिकारियों को हटाकर दबाव बनाने की राजनीति कर रही है। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस इन चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार है और सभी राज्यों में भाजपा को कड़ी टक्कर देकर जीत हासिल करेगी।

