टेस्ला ने आखिरकार बहुप्रदक्षित सेकेंड-जेनरेशन रोडस्टर कार की लॉन्चिंग का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘गो फॉर लॉन्च’ का संदेश जारी करते हुए यह पुष्टि की गई है कि इस सुपरकार का से पर्दा 1 अक्टूबर को उठाया जाएगा।
इस शानदार इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार का इंतजार ऑटोमोबाइल प्रेमियों को लंबे समय से था। इसे पहली बार साल 2017 में दुनिया के सामने एक कॉन्सेप्ट के रूप में पेश किया गया था, जिसके बाद से इसके प्रोडक्शन मॉडल को लेकर लगातार उत्सुकता बनी हुई थी।
शुरुआती घोषणा के मुताबिक इस गाड़ी की डिलीवरी साल 2020 तक शुरू होनी तय थी, लेकिन विभिन्न तकनीकी कारणों, डिजाइन में बदलाव और अन्य प्रायोरिटीज के चलते इसके विकास कार्य में लगातार देरी होती चली गई।
लंबी देरी के बाद अब इस प्रोजेक्ट ने अंतिम रूप ले लिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, टेस्ला ने पुराने मॉडलों के कंपोनेंट्स का उपयोग करने के बजाय इस नई रोडस्टर को एक बिल्कुल नए कार्बन-फाइबर हाइपरकार के रूप में विकसित किया है।
इस गाड़ी का सबसे बड़ा आकर्षण इसमें स्पेसएक्स की तकनीक का इस्तेमाल होना है। ऐसा माना जा रहा है कि इस स्पेशल वर्जन में कोल्ड-गैस थ्रस्टर्स दिए जा सकते हैं, जिन्हें एलन मस्क की एयरोस्पेस कंपनी स्पेसएक्स के सहयोग से तैयार किया गया है।
एलन मस्क पहले भी यह संकेत दे चुके हैं कि इन रॉकेट थ्रस्टर्स की मौजूदगी से गाड़ी की स्पीड, कॉर्नरिंग और ब्रेकिंग क्षमताओं में अभूतपूर्व सुधार होगा। साथ ही, यह गाड़ी कुछ पलों के लिए हवा में ऊपर उठने यानी शॉर्ट हॉप जैसी क्षमता भी प्रदर्शित कर सकती है।
यह पूरा लॉन्च इवेंट ऐसे समय पर आ रहा है जब टेस्ला ऑटोनॉमस ड्राइविंग तकनीक और ड्राइवरलेस वाहनों पर तेजी से काम कर रही है। कंपनी हाल ही में अपने ऑटोनॉमस ‘साइबरकैब’ को भी सामने ला चुकी है, जो मस्क के भविष्य के मोबिलिटी विजन का हिस्सा है।
आगामी 1 अक्टूबर को होने वाले इस भव्य अनावरण कार्यक्रम पर पूरी ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की निगाहें टिकी हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि स्पेसएक्स की तकनीक से लैस यह सुपरकार दुनिया के सामने किस रूप में आती है और इलेक्ट्रिक वाहनों की दुनिया में क्या नया इतिहास रचती है।

