असम के सोनितपुर जिले में रविवार देर रात एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एम्बुलेंस और ट्रक की भीषण भिड़ंत में 7 लोगों की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना नेशनल हाईवे 15 पर ढेकियाजुली पुलिस थाना क्षेत्र के पास हुई। एम्बुलेंस एक मरीज और उसके परिजनों को ट्यूलिप टी गार्डन से लेकर तेजपुर मेडिकल कॉलेज जा रही थी, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एम्बुलेंस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।
सोनितपुर एसएसपी बरुन पुरकायस्थ ने बताया कि इस दर्दनाक हादसे में 6 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य घायल की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। पुलिस और आपातकालीन सेवाओं ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे शवों को बाहर निकाला। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया था, जिसे क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर साफ किया गया। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

