रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज उनके निवास कार्यालय में चिकित्सक संगठनों और मेडिकल छात्रों ने मुलाकात की। अवसर था छत्तीसगढ़ को DM कार्डियोलॉजिस्ट की 2 नई सीटें मिलने का, जिसके लिए छात्रों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने पुरानी स्थिति की तुलना करते हुए बताया कि जहाँ कभी प्रदेश में मात्र एक मेडिकल कॉलेज हुआ करता था, वहीं आज 14 मेडिकल कॉलेजों में 1400 सीटें उपलब्ध हैं। इसके साथ ही नर्सिंग और फिजियोथेरेपी जैसे संस्थानों के जरिए युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं।
भविष्य की योजनाओं का जिक्र करते हुए श्री साय ने नवा रायपुर में ‘मेडिको सिटी’ की स्थापना की बात कही। उन्होंने बताया कि इस मेडिको सिटी में बड़े सुपरस्पेशलिटी अस्पताल विकसित किए जाएंगे, जिससे छत्तीसगढ़ के नागरिकों को उच्चस्तरीय और अत्याधुनिक इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
इस सौजन्य मुलाकात के दौरान श्री तुलसी कौशिक, डॉ. देवेंद्र कश्यप और जूडो (JUDA) के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में मेडिकल छात्र उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि सरकार प्रदेश के हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

