रायपुर: छत्तीसगढ़ के मौसम में इन दिनों बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में हुई हल्की से मध्यम बारिश ने चिलचिलाती गर्मी पर लगाम लगा दी है, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर भारत से होकर गुजर रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण पूरे प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। इस बदलाव से रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर जैसे प्रमुख शहरों में मौसम सुहावना बना हुआ है।
तापमान के आंकड़ों पर गौर करें तो राजधानी रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है। प्रदेश में सबसे कम तापमान पेंड्रा रोड में 15.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि दुर्ग में पारा सर्वाधिक 36.0 डिग्री तक पहुंचा। रायपुर में दिनभर आंशिक बादल छाए रहने और ठंडी हवाओं के चलने से न्यूनतम तापमान भी 19.9 डिग्री तक गिर गया, जिससे रात के समय भी ठंडक महसूस की जा रही है।
अबूझमाड़ की बेटी वनिता नेताम ने ‘आदि पर्व 2026’ में रचा इतिहास : वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम
हालांकि, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राहत का यह सिलसिला अब अंतिम चरण में है। अगले 24 घंटों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद पारा एक बार फिर चढ़ना शुरू होगा। अनुमान है कि अगले 4-5 दिनों के भीतर तापमान में फिर से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। 22 मार्च को रायपुर में बादल छाए रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान 33 डिग्री के आसपास रह सकता है, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में गर्मी अपना असर फिर से दिखाना शुरू करेगी।

