दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के सतर्कता विभाग द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत 28 अक्टूबर 2026 को “सार्वजनिक खरीद एवं परिवर्तन : सतर्कता के परिप्रेक्ष्य में” विषय पर एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशानुसार 26 अक्टूबर से 01 नवंबर 2026 तक “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” थीम के तहत यह सप्ताह मनाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य पारदर्शिता, ईमानदारी, जवाबदेही और भ्रष्टाचार निवारण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
संगोष्ठी के दौरान अपने स्वागत उद्बोधन में वरिष्ठ उपमहाप्रबंधक श्री सुरेश चंद्रा ने विजिलेंस की महत्ता पर प्रकाश डाला और सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत किए गए कार्यों का एक विस्तृत प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने संबोधन में सुशासन, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों के महत्व को रेखांकित किया।
महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने कहा कि प्रिवेंटिव विजिलेंस का उद्देश्य केवल अनियमितताओं की रोकथाम करना नहीं, बल्कि कार्यप्रणाली में सुधार, प्रक्रियाओं के सरलीकरण और हर स्तर पर जवाबदेही तय करना है। उन्होंने यह भी मार्गदर्शन दिया कि रेलवे के कार्यों में तकनीक का प्रयोग कार्यक्षमता और लागत को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
इस संगोष्ठी में कोंकण रेलवे के मुख्य भंडार नियंत्रक (भारतीय रेलवे भंडार सेवा) श्री अरुण मेहता बतौर अतिथि वक्ता शामिल हुए। उन्होंने सार्वजनिक खरीद प्रणाली और उससे जुड़े सतर्कता पहलुओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए प्रक्रिया में पारदर्शिता, समान अवसर, कार्यकुशलता और सार्वजनिक धन के सर्वोत्तम उपयोग पर विशेष बल दिया।
इस क्षमता निर्माण कार्यक्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक, समस्त विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी तथा विजिलेंस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए, जबकि मण्डल रेल प्रबंधक एवं अन्य डिविजनल अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। इस आयोजन के जरिए SECR कार्यप्रणाली में सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता की संस्कृति को लगातार बढ़ावा दे रहा है।

