तिरुवनंतपुरम: केरल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को अपने उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी है। इस नई सूची में पार्टी ने 11 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। भाजपा की इस सूची में दक्षिण केरल की सीटों और आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है। पार्टी ने तिरुवनंतपुरम सीट से शहर जिला अध्यक्ष करमाना जयन को मैदान में उतारा है, जिन्होंने 2025 के निगम चुनावों में पार्टी की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं, प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कोवलम से टी.एन. सुरेश को टिकट दिया गया है।

इस सूची की एक और खास बात अन्य दलों से आए नेताओं और फिल्मी चेहरों को मिला मौका है। कांग्रेस छोड़कर आए आर.एस. अरुण राज को चडयमंगलम और बी.एस. अनूप को चिरायिनकीझु (SC) से उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा, लोकप्रिय फिल्म और टीवी अभिनेता विवेक गोपन को अरुविकारा सीट से चुनावी मैदान में उतारा गया है। अन्य प्रमुख नामों में पुथुपल्ली से रवींद्रनाथ वकथानम और चवारा से के.आर. राजेश शामिल हैं। इस तीसरी सूची के साथ भाजपा अब तक कुल 140 में से 97 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।
राज्य में विधानसभा चुनाव 9 अप्रैल 2026 को होने हैं और मतगणना 4 मई को की जाएगी। भाजपा इस बार ‘मरथथु इनी मारुम’ (जो कभी नहीं बदला, वह अब बदलेगा) के नारे के साथ चुनाव लड़ रही है और उसे राज्य में बड़ी पैठ बनाने की उम्मीद है।

