छत्तीसगढ़ कैडर के 2016 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. रवि मित्तल को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में डिप्टी सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली ‘अप्वाइंटमेंट कमेटी ऑफ कैबिनेट’ ने उनके नाम पर मुहर लगा दी है, जिसके बाद 19 मार्च को डीओपीटी ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया।

वर्तमान में डॉ. रवि मित्तल छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में संयुक्त सचिव और जनसंपर्क विभाग के आयुक्त की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अपनी साफ-सुथरी छवि और पेशेवर कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले डॉ. मित्तल इससे पहले जशपुर के कलेक्टर भी रह चुके हैं, जहाँ उनके काम करने के अंदाज की काफी सराहना हुई थी।
छत्तीसगढ़ की ब्यूरोक्रेसी के लिए यह एक बड़ी और सुखद खबर मानी जा रही है। डॉ. मित्तल से पहले भी राज्य कैडर के वरिष्ठ अधिकारी जैसे वी. बी. आर. सुब्रह्मण्यम और वर्तमान जनसंपर्क सचिव रोहित यादव प्रधानमंत्री कार्यालय में अपनी सेवाएँ दे चुके हैं। अब इसी कड़ी में एक और युवा और प्रतिभावान अधिकारी का नाम जुड़ गया है।
मृदुभाषी डॉ. रवि मित्तल अपने काम को बेहद प्रोफेशनल ढंग से करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी इस नियुक्ति को राज्य के प्रशासनिक हलकों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि पीएमओ में नियुक्ति मिलना किसी भी आईएएस अधिकारी के करियर के लिए एक बड़ा मील का पत्थर होता है।

