छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खरोरा क्षेत्र में एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। विनायक ज्वेलर्स के मैनेजर विनीत सोनी पर अज्ञात बदमाशों ने उस समय जानलेवा हमला किया, जब वे जेवरात लेकर लौट रहे थे। बदमाशों ने धारदार तलवारों से हमला कर करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, यह घटना तब घटी जब विनीत सोनी तिल्दाडीह स्थित दुकान बंद कर और दूसरी ब्रांच से जेवरात एकत्र कर खरोरा की ओर आ रहे थे। रास्ते में दो से तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनका पीछा किया और सुनसान जगह देखकर उन्हें रोक लिया। विरोध करने पर लुटेरों ने उन पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जेवरातों से भरा बैग लेकर रफूचक्कर हो गए। घायल मैनेजर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम उनके उपचार में जुटी है, लेकिन अधिक खून बह जाने के कारण स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और मुख्य मार्गों पर नाकेबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
प्रारंभिक जांच में इसे एक सोची-समझी साजिश और ‘रेकी’ का परिणाम माना जा रहा है। पुलिस को संदेह है कि आरोपियों को मैनेजर के आने-जाने के समय और उनके पास मौजूद कीमती सामान की सटीक जानकारी थी। फिलहाल पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

