रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भक्ति और उत्साह का एक नया इतिहास रचा गया। सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया की छत्तीसगढ़ इकाई की युवा विंग द्वारा बेबीलॉन इंटरनेशनल में ‘भजन क्लबिंग’ का एक भव्य और अनूठा आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम ने आधुनिकता और आध्यात्मिकता का ऐसा संगम पेश किया कि इसमें लगभग 5000 लोगों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे यह आयोजन शहर के सबसे सफल सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शुमार हो गया।
इस आयोजन की सबसे बड़ी खासियत इसका स्वरूप रहा। पारंपरिक भजनों को नए और उत्साहजनक अंदाज में पेश किया गया, जिस पर युवा पीढ़ी जमकर झूमी। पूरा परिसर “जय श्री राम” और “राधे-राधे” के जयकारों से गूंज उठा। आयोजकों का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना था, और ‘भजन क्लबिंग’ के इस बढ़ते ट्रेंड ने साबित कर दिया कि भक्ति संगीत को यदि समकालीन ढंग से पेश किया जाए, तो वह युवाओं को बेहद आकर्षित करता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद बृजमोहन अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में भजन क्लबिंग युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है। उन्होंने इसे भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन का एक बेहतरीन माध्यम बताया, जो मनोरंजन के साथ-साथ नई पीढ़ी में धार्मिक मूल्यों का संचार कर रहा है।
सिंधी काउंसिल के प्रदेश अध्यक्ष ललित जैसिंघ और युवा विंग के अध्यक्ष जीतू लोहाना ने कार्यक्रम की सफलता पर खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि पूरा माहौल राम और कृष्ण की भक्ति में सराबोर था। इस दौरान महिला विंग की अध्यक्ष काजल सचदेव ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। आयोजन में समाज के कई गणमान्य नागरिक, पार्षद और सिंधी पंचायत के पदाधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस ऐतिहासिक पहल की सराहना की।

