रायपुर: राजधानी के स्वामी विवेकानंद एथलेटिक स्टेडियम, कोटा में खेले गए ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ के महिला फुटबॉल फाइनल में छत्तीसगढ़ ने स्वर्णिम सफलता हासिल की है। एक बेहद रोमांचक और कांटे के मुकाबले में छत्तीसगढ़ की टीम ने मजबूत प्रतिद्वंदी झारखंड को 1-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच जबरदस्त प्रतिद्वंदिता देखने को मिली और पहले हाफ की समाप्ति तक कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी, जिससे मुकाबला 0-0 की बराबरी पर बना रहा।

मैच के दूसरे हाफ में खेल की दिशा उस वक्त बदली जब छत्तीसगढ़ की टीम ने अधिक आक्रामक रणनीति अपनाई। टीम की कप्तान किरण पिस्दा ने शानदार खेल कौशल का परिचय देते हुए एक निर्णायक गोल दागा और अपनी टीम को 1-0 की महत्वपूर्ण बढ़त दिला दी। इस गोल के बाद छत्तीसगढ़ के रक्षकों ने भी बेहतरीन तालमेल दिखाया और झारखंड के जवाबी हमलों को नाकाम करते हुए अंतिम सीटी बजने तक अपनी बढ़त को बरकरार रखा। कप्तान के इस शानदार गोल ने अंततः छत्तीसगढ़ की झोली में स्वर्ण पदक डाल दिया।
इस ऐतिहासिक जीत के गवाह बनने के लिए स्टेडियम में खेल विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार और खेल एवं युवा कल्याण संचालक श्रीमती तनुजा सलाम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और टीमवर्क की जमकर सराहना की। इस जीत से न केवल स्टेडियम में मौजूद खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखा गया, बल्कि इसने छत्तीसगढ़ की जनजातीय खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दी है। यह मुकाबला पूरे समय दर्शकों के लिए रोमांच से भरपूर रहा और खिलाड़ियों के जज्बे ने सभी का मन मोह लिया।

