विशेष लेख – फिटनेस और विरासत का उत्सव- बस्तर को ग्लोबल टूरिज्म मैप पर लाने की बड़ी तैयारी !
रायपुर/जगदलपुर, 21 मार्च 2026: छत्तीसगढ़ सरकार राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, अद्वितीय प्राकृतिक सौंदर्य और खेल भावना को वैश्विक पटल पर लाने के लिए एक क्रांतिकारी कदम उठाने जा रही है। रविवार, 22 मार्च को प्रदेश के अब तक के सबसे बड़े रनिंग इवेंट ‘बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जिसका मुख्य उद्देश्य बस्तर की सकारात्मक छवि को दुनिया के सामने प्रस्तुत करना और पर्यटन को नई ऊंचाइयां देना है।
इस ऐतिहासिक मैराथन की शुरुआत जगदलपुर के सुप्रसिद्ध और ऐतिहासिक लालबाग मैदान से होगी, जबकि इसका समापन विश्वप्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात के तट पर होगा। यह रूट न केवल चुनौतीपूर्ण है, बल्कि दौड़ते समय प्रतिभागियों को बस्तर की हरी-भरी वादियों, घने जंगलों और जनजातीय संस्कृति के जीवंत दृश्यों का अनुभव कराएगा। सरकार का मानना है कि इस मार्ग का चयन इसलिए किया गया है ताकि खिलाड़ी छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा को करीब से महसूस कर सकें।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस आयोजन को राज्य के लिए गौरव का क्षण बताया है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि ‘बस्तर दौड़ेगा, देश जुड़ेगा’ के मंत्र के साथ यह आयोजन केवल एक दौड़ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि जनभागीदारी का एक बड़ा उत्सव है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि ऐसे आयोजनों से बस्तर को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूती मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे क्षेत्रीय विकास को एक नई गति प्राप्त होगी।

