अहमदाबाद। T20 World Cup 2026: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच शाम 7 बजे शाम 7:00 बजे (भारतीय समयानुसार) शुरू होगा। टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई है, जबकि न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया है। इस मैच में भारत के पास टी20 वर्ल्ड कप का खिताब बचाने और तीसरी बार ट्रॉफी जीतने का सुनहरा मौका है, भारत इससे पहले 2007 और 2024 में ICC Men’s T20 World Cup जीत चुका है वहीं न्यूजीलैंड पहली बार यह ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगा।
अहमदाबाद का यह वही मैदान है, जहां 19 नवंबर 2023 को वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर करोड़ों भारतीय फैंस का दिल तोड़ दिया था। उस दिन लगभग 93,000 से अधिक दर्शकों से भरा स्टेडियम बिल्कुल शांत हो गया था, जो भारतीय फैंस के लिए बहुत भावनात्मक पल था।। हालांकि इसके बाद भारत ने ICC Men’s T20 World Cup 2024 जीतकर उस दर्द को काफी हद तक कम किया था। अब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया के पास इतिहास रचने का बड़ा मौका है। अगर भारत यह फाइनल जीतता है तो वह टी20 वर्ल्ड कप खिताब को सफलतापूर्वक डिफेंड करने वाली पहली टीम बन जाएगी।
हालांकि न्यूजीलैंड को हल्के में लेना भारत के लिए आसान नहीं होगा। कीवी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। टीम के पास फिन एलन, ग्लेन फिलिप्स और कप्तान मिचेल सेंटनर जैसे खिलाड़ी हैं, जो किसी भी समय मैच का रुख बदल सकते हैं।
भारत के लिए इस मुकाबले में सबसे बड़ा हथियार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह हो सकते हैं। उनकी सटीक और किफायती गेंदबाजी फाइनल का परिणाम तय कर सकती है। सेमीफाइनल में भी उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
वहीं बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा की फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले वह शानदार फॉर्म में थे, लेकिन वर्ल्ड कप के मैचों में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। अगर उन्हें फाइनल में मौका मिलता है तो न्यूजीलैंड के ऑफ स्पिनर कोल मैककॉन्ची उनके खिलाफ जल्दी गेंदबाजी कर सकते हैं।
स्पिनर में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। वरुण चक्रवर्ती हाल के मैचों में उतने प्रभावी नहीं दिखे हैं और बल्लेबाज़ अब उनकी मिस्ट्री स्पिन को पहले से बेहतर तरीके से पढ़ने लगे हैं। ऐसे में फाइनल मुकाबले में टीम प्रबंधन उनकी जगह कुलदीप यादव को मौका दिया जा सकता है, जो अपनी कलाई की स्पिन और विविधताओं से विपक्षी बल्लेबाज़ों को परेशान करने की क्षमता रखते हैं।
इस समय क्रिकेट जगत की सारी निगाहें इस बड़े मुकाबले पर टिकी हैं, जहां भारत इतिहास रचने की कोशिश करेगा और न्यूजीलैंड पहली बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने का सपना लेकर मैदान में उतरेगा।
मौसम: अहमदाबाद में मौसम साफ़ रहेगा, तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस (दिन में) और शाम को थोड़ा कम रहने की संभावना है।

