8 मार्च 2026 को, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अलवर सहित देश के 250 जिलों में महिलाएं और युवतियां ‘अस्मिता एथलेटिक्स लीग’ (ASMITA ATHLETICS LEAGUE) के तहत दौड़ में भाग लेंगी। यह कार्यक्रम स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया और माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में होगा। प्रतियोगिता खेलो इंडिया मिशन के अंतर्गत होगी। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और खेलों में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।इसका उद्देश्य महिलाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करना, फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच देना, महिला सशक्तिकरण का संदेश फैलाना है।
वर्ष 2021 में हुई थी शुरुआत माय भारत विभाग के उपनिदेशक पंकज यादव और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के प्रभारी अधिकारी शिव सैनी ने बताया की अस्मिता लीग की शुरुआत वर्ष 2021 में हुई थी। यह पहल केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय की प्रमुख योजना है। इसके माध्यम से देशभर में महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया जाना है।
प्रतियोगिता में अंडर-13, 13 से 18 वर्ष एवं 18+ आयु वर्ग की एथलीट 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में भाग लेंगी। आयोजन स्थल पर पांच तकनीकी अधिकारी, 10 स्वयंसेवक, एक प्रतियोगिता प्रबंधक, एक पूर्व चैंपियन एथलीट तथा जिला युवा अधिकारी तैनात रहेंगे। देशभर के 250 जिलों में यह दौड़ प्रतियोगिता होगी। इसमें करीब 1 लाख से अधिक महिलाएं व युवतियां भी भाग लेंगी।

