दुर्ग जिला अंतर्गत भिलाई नगर थाना क्षेत्र सेक्टर 6 में स्थित साईं मंदिर में अज्ञात नकाबपोशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
गुरुवार की रात दरम्यान 2:30 बजे से 4:00 बजे के बीच अज्ञात नकाबपोश पीछे के रास्ते से मंदिर में घुसे। उन्होंने वहां तैनात गार्ड के साथ मारपीट की और उसके हाथ-पैर बांधकर बंधक बना लिया। इसके बाद मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के केबल काट दिए और साईं बाबा की प्रतिमा पर लगे सोने-चांदी के मुकुट, चरण पादुका, चांदी के सिक्के, मूर्ति के पीछे दीवार पर लगी चांदी की डिजाइन ले उड़े। उन्होंने दान पेटी तोड़कर नकदी भी चोरी कर ली ।
नकाबपोश सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि वारदात के सबूत मिटाए जा सकें। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू की गई। क्राइम ब्रांच की टीम आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और लोगों से पूछताछ कर रही है।
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फुटेज में कुछ अज्ञात आरोपी वारदात को अंजाम देते नजर आए हैं। उनकी पहचान कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

