रायपुर, 15 मार्च 2026: छत्तीसगढ़ राज्य पावर कंपनी ने ‘मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना’ के तहत उपभोक्ताओं को साइबर ठगी से बचने के लिए कड़ी चेतावनी जारी की है। कंपनी के एमडी श्री भीम सिंह ने स्पष्ट किया है कि पावर कंपनी अपनी किसी भी सेवा या योजना के लिए उपभोक्ताओं को कोई एपीके (APK) फाइल या वेब लिंक नहीं भेजती है। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे किसी भी अनजान वॉट्सएप मैसेज, ईमेल या एसएमएस पर आने वाले लिंक पर क्लिक न करें और न ही कोई फाइल डाउनलोड करें, क्योंकि यह वित्तीय धोखाधड़ी का हिस्सा हो सकता है।
योजना को आम जनता तक सुलभ बनाने के लिए पावर कंपनी जल्द ही मैदानी स्तर पर शिविरों का आयोजन करेगी। एमडी श्री सिंह ने बताया कि पंजीयन राशि और बिजली बिल के भुगतान के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों का ही उपयोग किया जाना चाहिए। उपभोक्ता अपना भुगतान मोर बिजली ऐप, कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, एटीपी (ATP) सेंटर या नजदीकी विद्युत कार्यालय में ही जमा करें। सुरक्षा के मद्देनजर यह भी स्पष्ट किया गया है कि किसी भी मैदानी कर्मचारी को नकद भुगतान न करें, अन्यथा उपभोक्ता स्वयं जिम्मेदार होंगे।
धोखाधड़ी की पहचान के लिए पावर कंपनी ने बताया है कि आधिकारिक संदेश केवल CSPDCL-S सेंडर आईडी (Sender ID) से ही भेजे जाते हैं। इसके अलावा किसी अन्य आईडी से आने वाले संदेशों को फर्जी माना जाए। भुगतान की सुविधा केवल सुरक्षित डिजिटल माध्यमों और विभागीय केंद्रों पर ही उपलब्ध है। कंपनी ने तकनीक का उपयोग करते समय सतर्कता बरतने की अपील की है ताकि उपभोक्ता ठगी का शिकार होने से बच सकें।
मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना या अन्य विद्युत सेवाओं से संबंधित किसी भी पूछताछ के लिए उपभोक्ता पावर कंपनी के केंद्रीकृत कॉल सेंटर के टोल-फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही, किसी भी प्रकार की शंका होने पर नजदीकी सीएसपीडीसीएल कार्यालय में जाकर सही जानकारी प्राप्त की जा सकती है। सतर्कता ही इस योजना का सुरक्षित लाभ लेने का एकमात्र तरीका है।

