छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सोंडरा गांव के निवासी किशन लाल निषाद अपनी जमीन पर हुए अवैध कब्जे के विरोध में एक हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गए। किशन लाल का आरोप है कि फॉर्चून मेटल प्राइवेट लिमिटेड ने पिछले 12 वर्षों से उनकी पुश्तैनी जमीन पर कब्जा कर रखा है और पिछले एक दशक से शासन-प्रशासन के चक्कर काटने के बावजूद उन्हें अब तक न्याय नहीं मिला। सिस्टम की इसी बेरुखी से तंग आकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया है।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके की बिजली सप्लाई कटवा दी है। मौके पर एसडीएम (SDM), तहसीलदार और धरसीवां थाना पुलिस का भारी बल मौजूद है, जो लाउडस्पीकर के माध्यम से किसान से नीचे उतरने की अपील कर रहा है। हालांकि, किशन लाल अपनी मांग पर अड़े हुए हैं और जमीन को तत्काल मुक्त करने की लिखित गारंटी मांग रहे हैं। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर रेस्क्यू टीम और जाल की व्यवस्था की है, साथ ही कंपनी प्रबंधन से जमीन के दस्तावेज तलब कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

