पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने अपने पद से अचानक इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेज दिया है।
इस्तीफे के बाद आनंद बोस ने घोषणा की है कि वह अपने गृह राज्य केरल जा रहे हैं, जहाँ वह ‘विकसित भारत’ (Viksit Bharat) मिशन के तहत काम करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में केरल के विकास के लिए समर्पित रहेंगे।सार्वजनिक तौर पर उन्होंने कहा कि राज्यपाल के रूप में साढ़े तीन साल का समय उनके लिए “पर्याप्त” था। हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में उनके इस्तीफे का कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को भी बताया गया है। तमिलनाडु के राज्यपाल आर. एन. रवि (R.N. Ravi)को पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

सीवी आनंद बोस ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि नए राज्यपाल के रूप में आरएन रवि उनके उत्तराधिकारी होंगे और उन्हें शुभकामनाएं दीं। बोस ने अपने संदेश में केरल को अपना गृह राज्य बताते हुए कहा कि वह वहां के लोगों के साथ और उनके लिए काम करने की पूरी कोशिश करेंगे।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस अचानक इस्तीफे पर हैरानी जताई और इसे आगामी विधानसभा चुनावों से पहले केंद्र सरकार का “राजनीतिक दबाव” करार दिया।

