रायपुर/अम्बिकापुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय कल, 21 मार्च को सरगुजा और सूरजपुर जिले के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। अपने इस प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री तीन बड़े आयोजनों का उद्घाटन करेंगे, जो क्षेत्र के खेल, कृषि और बुनियादी ढांचे के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। मुख्यमंत्री सुबह 10:30 बजे रायपुर से रवाना होकर सीधे सरगुजा संभाग के मुख्यालय अम्बिकापुर पहुंचेंगे।
सरगुजा ओलंपिक 2026 का शंखनाद:
दौरे का पहला मुख्य आकर्षण ‘सरगुजा ओलंपिक 2026’ का भव्य उद्घाटन है। बस्तर ओलंपिक की तर्ज पर आयोजित इस खेल महाकुंभ का शुभारंभ दोपहर 12 बजे अम्बिकापुर के पीजी कॉलेज ग्राउंड में होगा। 21 से 23 मार्च तक चलने वाले इस आयोजन में संभाग के सभी जिलों के 2000 से अधिक खिलाड़ी कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी और फुटबॉल जैसी 12 खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। खास बात यह है कि विजेताओं को राज्य की खेल अकादमियों में सीधा प्रवेश और ‘यूथ आइकॉन’ का सम्मान मिलेगा।
राज्य स्तरीय तिलहन-किसान मेला 2026:
मुख्यमंत्री दोपहर 1:40 बजे राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय में ‘राज्य स्तरीय तिलहन-किसान मेला 2026’ का विधिवत उद्घाटन करेंगे। नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल के तहत आयोजित इस दो दिवसीय मेले का उद्देश्य किसानों को तिलहन उत्पादन की आधुनिक तकनीकों से जोड़ना है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय और कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह मेला क्षेत्र के किसानों की आय बढ़ाने और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी पहल है।
कुदरगढ़ महोत्सव और 185 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात:
दौरे के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री दोपहर सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड पहुंचेंगे, जहाँ वे प्रसिद्ध ‘कुदरगढ़ महोत्सव 2026’ का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सूरजपुर जिले के निवासियों को 185.10 करोड़ रुपये की लागत वाले 76 विकास कार्यों की बड़ी सौगात देंगे। इनमें 52 कार्यों का लोकार्पण और 24 नए कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इन उद्घाटनों के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क जैसे बुनियादी क्षेत्रों में सुधार होगा।

