रायपुर/सरायपाली: राज्यपाल श्री रमेन डेका ने अपने सरायपाली प्रवास के दौरान विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जल संरक्षण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए किसानों को डबरी खनन के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। बैठक में जानकारी दी गई कि क्षेत्र में 218 डबरी स्वीकृत की गई हैं, जिनका निर्माण कार्य जारी है। राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि जल संचयन के इन कार्यों को और अधिक गति देने की आवश्यकता है ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए राज्यपाल ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कैंपा और मनरेगा मद के माध्यम से शासकीय भवनों और ग्रामीण क्षेत्रों में फलदार व छायादार पौधे लगाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अब तक लगभग 1.50 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं। इसके साथ ही, राज्यपाल ने अमृत सरोवरों के पास हरित विकास को बढ़ावा देने और इसमें आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया।
कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में राज्यपाल ने जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता जताई। उन्होंने किसानों से रासायनिक उर्वरकों के प्रयोग को कम करने और धान के साथ-साथ उद्यानिकी फसलों (बागवानी) को अपनाने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से जैविक चावल के वैल्यू एडिशन पर जोर दिया ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो सके। साथ ही, उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को और अधिक प्रभावी बनाने और सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए श्री डेका ने टीबी उन्मूलन और कैंसर जागरूकता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने सक्षम नागरिकों से टीबी रोगियों को गोद लेने और रेडक्रॉस से जुड़ने का आग्रह किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर और मोतियाबिंद के उपचार के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएं और गंभीर मामलों में एम्स (AIIMS) के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने योग को स्कूली स्तर पर अनिवार्य करने और महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाने की दिशा में कार्य करने की बात कही।
बैठक में सरायपाली विधायक श्रीमती चतुरी नंद, कलेक्टर श्री विनय लंगेह और पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार सहित जिला प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जहाँ जिले की प्रगति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया।

