देशभर में साइबर ठगी के नए-नए और हैरान करने वाले मामले सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की सुपेला पुलिस ने एक ऐसे फर्जी मैरिज ब्यूरो का पर्दाफाश किया है, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार की गई सुंदर युवतियों की तस्वीरों का इस्तेमाल कर लोगों को अपने जाल में फंसा रहा था। पुलिस ने इस बड़े फर्जीवाड़े के मुख्य संचालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने उत्तर गंगोत्री भवन (सुपेला) के पास एक हॉल किराए पर लेकर फर्जी कॉल सेंटर जैसी व्यवस्था बना रखी थी। वह फेसबुक और इंस्टाग्राम पर ‘कल्याण मैट्रिमोनी’, ‘एलिट मैच’ और ‘फ्यूचर पार्टनर’ जैसे लुभावने नामों से विज्ञापन चलाता था। इन विज्ञापनों में AI तकनीक से बनाई गई काल्पनिक और आकर्षक युवतियों की तस्वीरें अपलोड की जाती थीं, जिन्हें देखकर शादी के इच्छुक युवक आसानी से प्रभावित हो जाते थे।
जब देशभर से भोले-भाले लोग इन विज्ञापनों को देखकर संपर्क करते थे, तो आरोपी और उसके कॉल सेंटर में काम करने वाले लोग उनसे बायोडाटा मांगते थे। इसके बाद मनपसंद लड़की से शादी कराने का पक्का भरोसा देकर रजिस्ट्रेशन, प्रोफाइल वेरीफिकेशन और काउंसलिंग के नाम पर क्यूआर कोड और ऑनलाइन माध्यमों से 2,000 रुपये या उससे अधिक की रकम ऐंठी जाती थी।
इस अवैध धंधे को सुचारू रूप से चलाने के लिए आरोपी ने कुछ युवतियों को 7,000 रुपये मासिक वेतन पर मैरिज काउंसलर के रूप में रख रखा था। ये लड़कियां दो दिन की ट्रेनिंग के बाद देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं को फोन करके रोज 20 से 50 कॉल करती थीं। जैसे ही पीड़ित व्यक्ति की तरफ से पैसे ट्रांसफर हो जाते थे, आरोपी उनका नंबर तुरंत ब्लैकलिस्ट कर देता था और संपर्क पूरी तरह तोड़ देता था।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जब इस ठिकाने पर छापेमारी की, तो वहां मची अफरा-तफरी के बीच मुख्य आरोपी परमानंद यादव (निवासी ओटेबंद, दुर्ग) पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने मौके से 1.64 लाख रुपये नकद, 22 कीपैड फोन, 4 एंड्रॉयड मोबाइल, 16 सिम कार्ड, कंप्यूटर सेट, वाई-फाई उपकरण और विभिन्न बैंकों की पासबुक-चेकबुक समेत कुल 2.83 लाख रुपये से अधिक की सामग्री जब्त की है।
यह पूरा गिरोह पिछले करीब तीन महीनों से सक्रिय था और समन्वय पोर्टल के जरिए इसके कई अन्य राज्यों से जुड़े होने के तार भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। साथ ही, आम जनता से अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले अनजान वैवाहिक विज्ञापनों और लुभावनी प्रोफाइल के झांसे में आने से पहले पूरी सावधानी बरतें।

