राष्ट्रीय दवा मूल्य निर्धारण प्राधिकरण यानी एनपीपीए (NPPA) ने देश के दवा बाजार में एक बड़ा कदम उठाते हुए कैंसर, उच्च रक्तचाप यानी ब्लड प्रेशर, अल्जाइमर और गंभीर संक्रमण से जुड़ी लगभग बीस आवश्यक दवाओं के उत्पादन को बंद करने की मंजूरी दे दी है। दवा कंपनियों द्वारा अपने पोर्टफोलियो की समीक्षा और बाजार में मांग घटने का हवाला देते हुए दिए गए आवेदनों के आधार पर यह निर्णय लिया गया है, जिससे स्वास्थ्य क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।
औषधीय बाजार से जिन प्रमुख फॉर्मूलेशन को हटाने का रास्ता साफ हुआ है, उनमें नोवार्टिस इंडिया की कैंसर उपचार में इस्तेमाल होने वाली जोोलेड्रोनिक एसिड इंजेक्शन और सिप्ला की अल्जाइमर के इलाज से जुड़ी डोनेपेजिल टैबलेट के विभिन्न स्ट्रेंथ शामिल हैं। इसके अलावा जीएसके फार्मा की ग्रीियोफ्लविन और जॉनसन एंड जॉनसन की मोटिलियम जैसी आम और असरदार मानी जाने वाली दवाएं भी इस सूची का हिस्सा हैं।
फार्मास्युटिकल कंपनियों की ओर से इन दवाओं का निर्माण रोकने के पीछे मुख्य रूप से कच्चे माल यानी एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रीडिएंट्स की बढ़ती लागत, लॉजिस्टिक दिक्कतें और कुछ विशेष ब्रांड्स की बिक्री में भारी गिरावट को मुख्य कारण बताया गया है। जब किसी उत्पाद की लागत उसकी बिक्री से मिलने वाले मुनाफे से अधिक हो जाती है, तो कंपनियां व्यावसायिक रूप से उसे बंद करने का विकल्प चुनती हैं।
नियामक संस्था एनपीपीए ने स्पष्ट किया है कि भले ही इन विशेष ब्रांड्स का निर्माण रोका जा रहा है, लेकिन मरीजों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। बाजार में इन दवाओं में मौजूद साल्ट या फॉर्मूले के विकल्प के रूप में अन्य दवा निर्माता कंपनियों के उत्पाद पहले से ही पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, जिससे किसी भी प्रकार के जीवनरक्षक या जरूरी उपचार की कमी नहीं खटकेगी।
अचानक बाजार से दवाएं गायब होने से मरीजों को किसी प्रकार की चिकित्सीय असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए एनपीपीए ने सख्त नियम लागू किए हैं। दवा कंपनियों को यह निर्देश दिए गए हैं कि वे उत्पादन पूरी तरह रोकने से पहले बाजार में अपनी सप्लाई चेन और मौजूदा स्टॉक को इस प्रकार प्रबंधित करें कि मरीजों तक दवाएं सुचारू रूप से पहुंचती रहें।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के प्रशासनिक निर्णय फार्मास्युटिकल सेक्टर में सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं, जहां समय-समय पर पुरानी और कम बिकने वाली दवाओं के स्थान पर नए और उन्नत फॉर्मूलेशन को प्राथमिकता दी जाती है। इससे कंपनियों को अपने संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों के अनुरूप नई दवाएं विकसित करने में मदद मिलती है।
आम नागरिकों और मरीजों के लिए यह सलाह दी जाती है कि यदि वे इनमें से किसी विशेष ब्रांड का नियमित सेवन कर रहे हैं, तो अपने चिकित्सक या फार्मासिस्ट से संपर्क कर उसका उपयुक्त विकल्प चुन लें। डॉक्टर की सलाह से साल्ट बदलकर आसानी से इलाज को बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ाया जा सकता है, जिससे स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।

