छ्त्तीसगढ़ के राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में एक ऐतिहासिक और रोमांचक आयोजन होने जा रहा है। नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध लेक के आसमान में 2 नवंबर को सुबह 11 बजे से भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम द्वारा एक भव्य एयर शो प्रस्तुत किया जाएगा। इस विशेष हवाई प्रदर्शन के दौरान पांच हेलीकॉप्टर आसमान में अद्भुत सामंजस्य, सटीक उड़ान और साहसिक करतबों का प्रदर्शन करेंगे, जो दर्शकों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव होगा।
इस प्रतिष्ठित सारंग टीम के आगमन पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में टीम के सदस्यों से सौजन्य मुलाकात की और छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर उनका आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय वायु सेना अपने अदम्य साहस, अनुशासन और उत्कृष्ट पेशेवर दक्षता के लिए विश्वभर में सम्मानित है और राज्योत्सव के अवसर पर उनका यह एयर शो प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों के लिए अत्यधिक गौरव का विषय है।
ग्रुप कैप्टन श्री अभिजीत कुमार के नेतृत्व में यह टीम पांच स्वदेशी तकनीक से विकसित एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर (ALH) ‘ध्रुव’ के माध्यम से करतब दिखाएगी। मुख्यमंत्री ने इस बात पर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की कि टीम में दो महिला पायलट—स्क्वाड्रन लीडर सुश्री अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर सुश्री अक्षया भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि रक्षा और विमानन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में महिलाओं की यह बढ़ती भागीदारी छत्तीसगढ़ की बेटियों के लिए बहुत बड़ी प्रेरणा है।
ग्रुप कैप्टन श्री अभिजीत कुमार ने छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का हिस्सा बनने पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि सारंग टीम का उद्देश्य केवल रोमांचक हवाई करतब दिखाना नहीं, बल्कि युवाओं को साहस, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि सपनों की उड़ान के लिए पूरा आसमान संभावनाओं से भरा है और निरंतर परिश्रम से किसी भी ऊंचे लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
यह एयर शो प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रक्षा और विमानन के क्षेत्र में भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता और तकनीकी उत्कृष्टता का भी जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करेगा। मोर के पंखों के रंग संयोजन से सजे ये स्वदेशी ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टर जब आसमान में अपनी विभिन्न आकर्षक संरचनाएं बनाएंगे, तो यह आयोजन छत्तीसगढ़ राज्योत्सव की भव्यता को कई गुना बढ़ा देगा।

