प्रदेश के बिलासपुर जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि होते ही प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ने के लिए संयुक्त संचालक डॉ. जीएसएस तंवर के मार्गदर्शन में त्वरित प्रतिक्रिया दल (RRT) द्वारा युद्धस्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वैज्ञानिक प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विभाग ने अब तक 22,808 पक्षियों, 25,896 अंडों और लगभग 79 क्विंटल पक्षी दाने को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया है। इसके साथ ही संक्रमित क्षेत्रों में आवाजाही पर कड़ा नियंत्रण लागू कर मुर्गी फार्मों की निगरानी बढ़ा दी गई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर में 24 घंटे सक्रिय रहने वाला एक समर्पित ‘बर्ड फ्लू नियंत्रण कक्ष’ स्थापित किया है। आम जनता की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 07752-251000 जारी किया गया है, जिस पर किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध मामले की सूचना दी जा सकती है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी मृत पक्षी की जानकारी तत्काल विभाग को दें और घबराने के बजाय सावधानी बरतें, ताकि इस वायरस के प्रसार को समय रहते पूरी तरह रोका जा सके।

