राजधानी रायपुर के टाटीबंध स्थित इस्कॉन मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महा-महोत्सव में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के दर्शन किए तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं शंख अभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। ‘हरे कृष्ण’ महामंत्र के गूंजते स्वरों के बीच पूरा मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय और कृष्णमय नजर आया।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का संपूर्ण जीवन मानव समाज को धर्म, कर्तव्य और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के कर्मयोग का जिक्र करते हुए कहा कि भगवान का यह संदेश आज भी मानवता को जीवन की हर चुनौती का सामना करते हुए अपने कर्तव्य पथ पर दृढ़ता से आगे बढ़ने की राह दिखाता है। जन्माष्टमी केवल प्राकट्य का उत्सव नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का पावन अवसर है।

