रायपुर में मानसून की सक्रियता के कारण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में लगातार बारिश का दौर जारी है, जिससे नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है और कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि 4 सितंबर से राज्य में बारिश की रफ्तार कुछ धीमी पड़ सकती है, लेकिन इसके बावजूद कई इलाकों में मध्यम बारिश और वज्रपात (बिजली गिरने) की चेतावनी बनी हुई है।
राजधानी रायपुर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आज आकाश सामान्यतः मेघमय रहने तथा एक-दो बार गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। यहाँ अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान जताया गया है, जिससे मौसम सुहाना बना रहेगा।
प्रदेश के पिछले 24 घंटों के मौसम पर नजर डालें तो विभिन्न संभागों में हल्की से लेकर मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जबकि सरगुजा और रायपुर संभाग के कुछ चुनिंदा स्थानों पर भारी बारिश भी रिकॉर्ड हुई। इस दौरान जगदलपुर में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश के प्रमुख आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में पोंडी बचरा में सर्वाधिक 14 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। इसके अलावा कुसमी में 8 सेमी, दावरा कोचली में 6 सेमी, तथा राजपुर, बिलासपुर, सूरजपुर और रामचंद्रपुर में 5-5 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि अन्य कई जिलों में भी हल्की से मध्यम बौछारें पड़ीं।
मौसम विभाग के सिनोप्टिक सिस्टम के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उसके आसपास के क्षेत्रों में बना सुस्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र अब पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। मौसम प्रणाली के इस बदलाव के कारण अगले कुछ दिनों तक छत्तीसगढ़ के चुनिंदा हिस्सों में छिटपुट से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं।

