रायपुर/जगदलपुर, 02 अप्रैल 2026: बस्तर संभाग के उन दुर्गम अंचलों में, जहाँ कभी भौगोलिक विषमताओं और माओवाद के साये के कारण विकास की कल्पना करना भी मुश्किल था, अब प्रगति की एक नई इबारत लिखी जा रही है। ककनार घाटी के नीचे बसे सुदूर गांव—कुधूर, धरमाबेड़ा, चंदेला और पालम—जो कभी बाहरी दुनिया से पूरी तरह कटे हुए थे, आज ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा’ के माध्यम से मुख्यधारा से जुड़ गए हैं। दुर्गम ढलानों और संकरी पगडंडियों की जगह अब पक्की सड़कों ने ले ली है, जिन पर दौड़ती बसें बस्तर की बदलती और सशक्त होती तस्वीर का जीवंत प्रमाण हैं।
इस क्रांतिकारी बदलाव की नींव बीते वर्ष 04 अक्टूबर 2025 को रखी गई थी, जब केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस बस सेवा का शुभारंभ किया था। क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार, यह बस प्रतिदिन कोण्डागांव जिले के मर्दापाल से अपनी यात्रा शुरू करती है और घाटी के चुनौतीपूर्ण रास्तों को पार करते हुए जगदलपुर तक पहुँचती है। यह सेवा केवल एक परिवहन का साधन नहीं, बल्कि उन ग्रामीणों के लिए विश्वास की एक अटूट कड़ी बन गई है, जिन्होंने दशकों तक केवल सड़क का इंतज़ार किया था।
सुरक्षा बलों की मुस्तैदी और शासन के दृढ़ संकल्प से वामपंथी उग्रवाद के प्रभाव में आई कमी ने इन संवेदनशील इलाकों में सड़क निर्माण को संभव बनाया है। पक्की सड़कों के इस जाल ने न केवल भौतिक दूरी को कम किया है, बल्कि ग्रामीणों के मन से अलगाव के डर को भी खत्म कर दिया है। अब शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार के लिए ग्रामीणों को मीलों पैदल नहीं भटकना पड़ता। चंदेला और ककनार के सरपंचों का मानना है कि इन सड़कों ने विकास को एक नई दिशा दी है, जिससे अब स्कूल, आंगनबाड़ी और उचित मूल्य की दुकानों जैसी बुनियादी सुविधाएँ हर घर तक पहुँच रही हैं।

वर्तमान में इस ईलाके की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। ककनार जैसे ग्रामों में लगने वाले साप्ताहिक बाजारों में अब पहले जैसी रौनक दिखाई देती है और तहसील मुख्यालय लोहण्डीगुड़ा तक की राह अब बाधा रहित हो गई है। घाटी की ऊंचाइयों से उतरकर गांव-गांव तक पहुँच रही यह बस सेवा इस बात का प्रतीक है कि बस्तर का वह हिस्सा जो कभी अंधेरे में खोया हुआ माना जाता था, अब पूरी रफ्तार के साथ शासन की कल्याणकारी योजनाओं और खुशहाली के पथ पर अग्रसर है।

