दिल्ली विधानसभा और उसके अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को मिली बम से उड़ाने की धमकी ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर ला दिया है। यह धमकी भरा ईमेल मंगलवार सुबह करीब 7:28 बजे विधानसभा सचिवालय को और 7:49 बजे सीधे स्पीकर के आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजा गया। इस संदेश में न केवल विधानसभा परिसर, बल्कि पास के मेट्रो स्टेशन को भी निशाना बनाने की बात कही गई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।
इस धमकी भरे ईमेल की गंभीरता इसलिए भी अधिक है क्योंकि इसमें देश के शीर्ष नेतृत्व का जिक्र किया गया है। ईमेल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू समेत दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के नामों का उल्लेख किया गया है। इतने महत्वपूर्ण नामों और स्थानों के शामिल होने के कारण दिल्ली पुलिस और खुफिया विभाग मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं।
धमकी मिलते ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और बम निरोधक दस्ता विधानसभा परिसर पहुँच गया है। स्पीकर विजेंद्र गुप्ता के कक्ष सहित पूरी बिल्डिंग की सघन तलाशी ली जा रही है। साथ ही, विधानसभा मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा घेरा सख्त कर दिया गया है और यात्रियों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। तकनीकी टीमें ईमेल के IP एड्रेस को ट्रैक करने में जुटी हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश।

