रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ ने रिलीज से पहले ही शानदार एडवांस बुकिंग के साथ रिकॉर्ड बना लिया है। 19 मार्च 2026 की रिलीज से पहले 18 मार्च के पेड प्रीव्यू शोज के लिए 2 लाख से अधिक टिकट बिक चुके हैं, जिससे 18 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई हुई है। दिल्ली-एनसीआर में प्रीमियम और रेकलाइनर सीटों के लिए टिकट की कीमतें 3100 रुपये तक पहुंच गई हैं।
क्या है “पेड प्रीव्यू” – यह फिल्म की आधिकारिक रिलीज से एक दिन पहले दिखाए जाने वाले खास शो होते हैं। इन शो की टिकटें सामान्य से महंगी होती हैं क्योंकि फैंस को फिल्म सबसे पहले देखने का मौका मिलता है।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस मल्टीस्टारर फिल्म का पहले बॉक्स ऑफिस पर यश की फिल्म टॉक्सिक से क्लैश होने वाला था। लेकिन टॉक्सिक की रिलीज 4 जून तक टलने के बाद अब यह टक्कर टल गई है।
फिल्म का ट्रेलर 7 मार्च को रिलीज किया गया और उसी के साथ मेकर्स ने घोषणा की कि फिल्म के पेड प्रीव्यू शो थिएटरों में 19 मार्च से एक दिन पहले शुरू होंगे। फिल्म में रणवीर सिंह भारतीय जासूस जसकीरत सिंह रंगी के किरदार में नजर आएंगे। बताया जा रहा है कि यह किरदार एक असली कहानी से प्रेरित है, जिसकी वजह से दर्शकों में फिल्म को लेकर काफी उत्साह है।बुकिंग प्लेटफॉर्म BookMyShow के मुताबिक प्रीव्यू शो के टिकट की कीमत 50 रुपये से लेकर 3100 रुपये तक रखी गई है। टिकट बुकिंग के मामले में हैदराबाद और मुंबई सबसे आगे हैं, जबकि दिल्ली-NCR, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे शहरों में भी टिकट तेजी से बिक रहे हैं।
BookMyShow के COO आशीष सक्सेना ने बताया कि पहली फिल्म को मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद इसके सीक्वल को लेकर दर्शकों में बड़ी उम्मीदें हैं। रिलीज से पहले ही 2 लाख से ज्यादा टिकट बुक होना दर्शाता है कि फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्सुकता है। उन्होंने यह भी कहा कि पेड प्रीव्यू स्क्रीनिंग का बढ़ता ट्रेंड बताता है कि थिएटर में फिल्म देखने का अनुभव आज भी दर्शकों के लिए खास महत्व रखता है।
“Dhurandhar 2” इस बार पहले पार्ट से बड़े स्तर पर रिलीज हो रही है। पहले पार्ट के मुकाबले इसका स्केल काफी बढ़ाया गया है और इसे पूरे भारत में रिलीज किया जाएगा। फिल्म का हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ डब वर्जन भी उसी दिन रिलीज होगा, जिससे इसकी पैन-इंडिया पहुंच बढ़ जाएगी।सभी भाषाओं में एडवांस बुकिंग से लगभग 12 करोड़ रुपये की कमाई हो चुकी है।अगर ब्लॉक सीटें (थिएटर द्वारा पहले से रोकी गई सीटें) जोड़ दी जाएं, तो आंकड़ा लगभग 18 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है। यह संकेत देता है कि फिल्म को ओपनिंग डे पर अच्छा रिस्पॉन्स मिल सकता है।
फिल्म में मजबूत स्टार कास्ट है । रणवीर सिंह के अलावा फिल्म में आर माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, सौम्या टंडन और दानिश पंडोर जैसे कलाकार नजर आएंगे। रिलीज से पहले ही टिकटों की रिकॉर्ड बिक्री को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट मान रहे हैं कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार ओपनिंग कर सकती है।

