रायपुर। छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में 5000 शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया इसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है, जो युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ बनाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया से शासकीय स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाना और दूरस्थ क्षेत्रों तक शिक्षण सुविधाएँ पहुँचाना है।
सरकार का मानना है कि बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति से न केवल बेरोजगार युवाओं को लाभ मिलेगा, बल्कि विद्यालयों में पढ़ाई का वातावरण भी बेहतर होगा। भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी।
मुख्यमंत्री साय ने यह भी कहा कि राज्य सरकार शिक्षा क्षेत्र में सुधार के लिए लगातार प्रयासरत है और भविष्य में भी ऐसे कदम उठाए जाते रहेंगे।
व्यापम द्वारा वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियां जारी कर दी गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सहायक शिक्षक की परीक्षा 11 अक्टूबर 2026, शिक्षक की परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 तथा व्याख्याता की परीक्षा 29 नवंबर 2026 को संभावित है।

