छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच एक बार फिर जबरदस्त मुठभेड़ हुई। थाना जांगला क्षेत्र में इंद्रावती नदी के किनारे हुए इस संघर्ष में जवानों ने दो वर्दीधारी नक्सलियों को मार गिराया। घटनास्थल से भारी मात्रा में आधुनिक हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।
खुफिया इनपुट के बाद कार्रवाई – पुलिस को सूचना मिली थी कि इंद्रावती नदी के तटीय इलाकों में बड़ी संख्या में माओवादी मौजूद हैं। इनपुट के आधार पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम माओवादी विरोधी अभियान पर निकली। सुबह अभियान क्षेत्र में पहुंचते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने मोर्चा संभाला और मुठभेड़ शुरू हो गई।
आधुनिक हथियारों का जखीरा बरामद – बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मुठभेड़ के बाद सर्चिंग के दौरान दो वर्दीधारी नक्सलियों के शव बरामद किए गए। मौके से 1 SLR राइफल, 1 INSAS राइफल, 12 बोर की राइफल, भारी मात्रा में विस्फोटक और माओवादी उपयोग की दैनिक सामग्री भी जब्त की गई है।
सर्च ऑपरेशन जारी – बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टलिंगम के अनुसार, मुठभेड़ के बाद भी सुरक्षाबल इलाके में तैनात हैं और आसपास के जंगलों में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और विस्तृत रिपोर्ट जल्द साझा की जाएगी।

