खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ पूर्व सांसद व विधायक स्वर्गीय देवव्रत सिंह के उदयपुर स्थित बंगले की सुरक्षा में तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक जवान की पहचान कृपाचंद सोनवानी के रूप में हुई है, जो भिलाई के रहने वाले थे और CAF की 6वीं बटालियन में पदस्थ थे। सोमवार शाम करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच जब गोली चलने की आवाज आई, तो साथी जवान मौके पर पहुँचे, जहाँ कृपाचंद खून से लथपथ मिले। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उल्लेखनीय है कि देवव्रत सिंह के निधन के बाद उनके परिवार में संपत्ति को लेकर गहरा विवाद चल रहा है, जिसके कारण प्रशासन ने एहतियात के तौर पर उदयपुर स्थित उनके बंगले को सील कर रखा है। इसी सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए वहां CAF जवानों की तैनाती की गई थी। पुलिस महानिरीक्षक बालाजीराव सोमावार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। हालांकि, जवान ने यह आत्मघाती कदम किन कारणों से उठाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।

