मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी का श्रवण किया। इस अवसर पर उनके साथ उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, विधायक श्री मोतीलाल साहू व श्री पुरंदर मिश्रा सहित कई गणमान्य नागरिक और संतजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री का देश के 140 करोड़ नागरिकों से आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम है। यह कार्यक्रम देश के दूरदराज इलाकों में हो रहे नवाचारों और सकारात्मक परिवर्तनों को पूरे राष्ट्र के सामने लाता है।

प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को प्रसारित होने वाले इस कार्यक्रम की प्रतीक्षा देशवासियों को रहती है। प्रधानमंत्री इसमें ऐसे सामान्य लोगों के असाधारण कार्यों का उल्लेख करते हैं जो बिना किसी प्रचार के समाज और राष्ट्रहित में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प पर विशेष जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ और ऊर्जावान युवा पीढ़ी ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकती है। युवाओं को नशे से दूर रखना परिवार, समाज और राष्ट्र की सामूहिक जिम्मेदारी है।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि 8 करोड़ से अधिक देशवासियों ने तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड की है। यह आंकड़ा राष्ट्रध्वज के प्रति देशवासियों के सम्मान, गौरव और गहरे भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है।
पीएम स्वनिधि योजना की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे मातृशक्ति को आर्थिक संबल मिल रहा है। देशभर में करीब 35 लाख महिलाएं इस योजना से जुड़कर अपने छोटे व्यवसायों को गति दे रही हैं, जिनमें लगभग 46 प्रतिशत महिलाएं शामिल हैं।
स्वच्छता के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि स्वच्छता कोई केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जन-जन का संकल्प बनना चाहिए। जब नागरिक अपने परिवेश को स्वच्छ रखने की आदत डालते हैं, तो जीवन की गुणवत्ता में सकारात्मक बदलाव आता है।
अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाते हुए उन्होंने महिमा राजपूत की सराहना की। ‘मिशन शक्ति सैट’ मुहिम का हिस्सा बनकर प्रदेश की बेटी ने साबित कर दिया है कि छत्तीसगढ़ की बेटियां शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रही हैं।
अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने इससे पहले भी ‘मन की बात’ में बस्तर ओलंपिक, मल्हार के प्राचीन ताम्रपत्रों और काले हिरण के संरक्षण जैसे छत्तीसगढ़ के विशिष्ट प्रयासों का उल्लेख किया है। राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश की इन उपलब्धियों का जिक्र होना हर छत्तीसगढ़वासी के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।

