छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और मातृशक्ति के सम्मान को समर्पित राष्ट्रव्यापी अभियान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ की शुरुआत अंबिकापुर से कर दी गई है। पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में सरगवां स्थित अटल विहार योजना में भव्य वृक्षारोपण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि यह अभियान केवल पौधों को रोपने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मातृशक्ति के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का एक गहरा भावनात्मक संकल्प है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू किए गए इस अभियान के तहत अब तक पूरे छत्तीसगढ़ में सवा सात करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं।
कार्यक्रम के दौरान अटल विहार योजना में नवनिर्मित बाउंड्रीवाल, ओपन जिम और डब्ल्यू.एम.एम. सड़क सहित अन्य मूलभूत विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। सरगवां में 9.70 एकड़ भूमि पर लगभग 3859.22 लाख रुपये की लागत से कुल 251 भवनों का निर्माण कराया गया है, जिसमें 14 उच्च आय वर्ग (HIG), 12 वरिष्ठ मध्यम आय वर्ग (Sr. MIG), 40 कनिष्ठ मध्यम आय वर्ग (Jr. MIG), 63 अल्प आय वर्ग (LIG) और 122 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के भवन शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव ने जानकारी दी कि अंबिकापुर से शुरू हुआ यह हरित अभियान मंडल की अन्य आवासीय कॉलोनियों में भी चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य शहरी बस्तियों और आवासीय परिसरों में हरित क्षेत्र को बढ़ावा देना तथा कॉलोनियों को अधिक स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाना है ताकि भावी पीढ़ी को एक स्वस्थ वातावरण मिल सके।
इस आयोजन को खास बनाने में स्थानीय बच्चों की भी विशेष भूमिका रही, जिन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों के महत्व का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरगुजा सांसद श्री चिंतामणी महाराज ने की, जबकि अंबिकापुर की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरुपा सिंह सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

