रायपुर, 30 मार्च 2026: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की संवेदनशीलता आज रायपुर के चंदखुरी निवासी श्री चंदूलाल वर्मा के लिए वरदान साबित हुई। मौका था कायस्थ मंगल भवन के लोकार्पण कार्यक्रम का, जहाँ मुख्यमंत्री ने न केवल एक दिव्यांग की पीड़ा सुनी, बल्कि सुरक्षा घेरे को दरकिनार कर उन्हें मंच पर बुलाकर उनकी समस्या का तत्काल समाधान भी किया। पूर्व में राजमिस्त्री का काम करने वाले चंदूलाल, ‘डायबिटिक फूट’ के कारण चलने-फिरने में असमर्थ हो गए थे और लंबे समय से एक मोटराईज्ड ट्राईसिकल का इंतजार कर रहे थे।
कार्यक्रम के समापन पर जब चंदूलाल मुख्यमंत्री से मिलने का प्रयास कर रहे थे, तब सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। जैसे ही मुख्यमंत्री की नजर उन पर पड़ी, उन्होंने तत्काल सुरक्षाकर्मियों को निर्देश देकर उन्हें मंच पर बुलाया। चंदूलाल ने भावुक होते हुए अपनी आपबीती सुनाई कि बीमारी के कारण उनका काम छूट गया है और उन्हें जीवन यापन के लिए बैटरी चलित ट्राईसिकल की सख्त जरूरत है। मुख्यमंत्री ने बड़ी आत्मीयता से उनकी बातें सुनीं और मौके पर ही उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए अधिकारियों को ट्राईसिकल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के निर्देशों का पालन इतनी तेजी से हुआ कि कार्यक्रम खत्म होने के कुछ समय भीतर ही प्रक्रिया पूरी कर ली गई। नगर पंचायत अध्यक्ष श्री प्रतीक बैस ने चंदूलाल को उनके सपनों की मोटराईज्ड ट्राईसिकल सौंपी। अपनी नई सवारी पाकर प्रफुल्लित चंदूलाल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मैंने सिर्फ सुना था कि मुख्यमंत्री आ रहे हैं और उम्मीद लेकर यहाँ पहुँच गया। उन्होंने मेरी बात सुनी और मुझे ट्राईसिकल भी दी। विष्णु भईया का बहुत-बहुत धन्यवाद।”
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई ने न केवल चंदूलाल के जीवन को सुगम बनाया, बल्कि सुशासन और मानवीय दृष्टिकोण की एक अनूठी मिसाल भी पेश की।

