रायपुर/तिल्दा नेवरा: छत्तीसगढ़ में छात्र संघ चुनावों की बहाली की मांग को लेकर कांग्रेस की छात्र इकाई एन.एस.यू.आई (NSUI) ने प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ दिया है। इसी कड़ी में प्रदेश के लगभग 200 कॉलेजों में माननीय राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। तिल्दा नेवरा स्थित सत्यनारायण अग्रवाल कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय (कोहका) के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपते हुए छात्र नेताओं ने स्पष्ट किया कि छात्र संघ चुनावों के अभाव में महाविद्यालयों की व्यवस्थाएं चरमरा रही हैं और छात्रों की आवाज को दबाया जा रहा है।
एन.एस.यू.आई छत्तीसगढ़ खेल विभाग के चेयरमैन अनिल सिंह ने शासन-प्रशासन पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि छात्र संघ चुनाव बंद होने से महाविद्यालयों की जमीनी समस्याएं सरकार तक नहीं पहुंच पा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों द्वारा लगातार ‘तुगलकी फरमान’ जारी किए जा रहे हैं, जिससे छात्र परेशान हैं। चूंकि वर्तमान में छात्रों का कोई निर्वाचित नेतृत्व नहीं है, इसलिए इन मनमाने निर्णयों का प्रभावी ढंग से विरोध नहीं हो पा रहा है, जिसका सीधा नुकसान आम छात्रों को उठाना पड़ रहा है।
संगठन ने अपनी मांगों में स्पष्ट किया है कि प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव तत्काल प्रभाव से बहाल किए जाएं। उनकी मुख्य मांग है कि चुनाव की प्रक्रिया पूरी तरह से निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध होनी चाहिए। इसके साथ ही, एन.एस.यू.आई ने मांग की है कि चुनाव कार्यक्रम की तिथियां जल्द घोषित की जाएं ताकि छात्र प्रतिनिधियों को उनके संवैधानिक अधिकार और मान्यता मिल सके और शैक्षणिक संस्थानों में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा हो सके।
अपनी रणनीति साझा करते हुए अनिल सिंह ने बताया कि यह आंदोलन यहीं नहीं रुकेगा। आगामी 6 अप्रैल को एन.एस.यू.आई प्रदेशभर के सभी विश्वविद्यालयों का घेराव करेगी। इसी क्रम में राजधानी रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के घेराव की व्यापक तैयारी की गई है। छात्र नेताओं का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, चरणबद्ध तरीके से विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
इस विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से एन.एस.यू.आई खेल विभाग के चेयरमैन अनिल सिंह के साथ छात्र नेता विक्रम वर्मा, हर्ष यादव, संजय चक्रधारी, हिमांशु तिवारी, तरुण अग्रवाल, मनीष वर्मा, कुनाल चौबे, अमन वर्मा, गुलशन साहू, अभिषेक चक्रधारी, विकी चक्रधारी, रवि वर्मा, देवेंद्र और भूपेश सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

