रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने आगामी शारदीय नवरात्रि पर्व के पावन अवसर को ध्यान में रखते हुए राजधानी रायपुर में विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आगामी 11 अक्टूबर से प्रारंभ हो रहे इस पर्व के मद्देनजर, उन्होंने निगम क्षेत्र के सभी 10 जोनों के कमिश्नरों और जोन स्वास्थ्य अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख मंदिरों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
महापौर ने स्पष्ट किया है कि नवरात्रि के दौरान दर्शन के लिए आने वाले सभी भक्तजनों और श्रद्धालुओं को मंदिरों के आसपास पूरी तरह से स्वच्छ, पवित्र और स्वस्थ वातावरण मिलना चाहिए। इसके लिए जोन स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से युद्धस्तर पर साफ-सफाई, चूना छिड़काव और कचरा उठान का काम प्राथमिकता से पूरा किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
स्वच्छता के साथ-साथ महापौर ने शहर में मांस और मटन के अवैध विक्रय पर भी कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जोन कमिश्नरों से कहा है कि मंदिरों के आसपास या गैर-अदिसूचित क्षेत्रों में नियम विरुद्ध तरीके से खुले में मांस-मटन बेचने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए। ऐसे अवैध विक्रय केंद्रों पर नियमानुसार सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि धार्मिक भावनाओं और शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर कोई असर न पड़े।
प्रशासन द्वारा इन दिशा-निर्देशों के बाद शहर के सभी 10 जोनों में सुस्ती छोड़कर त्वरित कार्रवाई करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि त्योहार के दिनों में साफ-सफाई और अवैध गतिविधियों को रोकने में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस पहल से उम्मीद है कि इस बार रायपुर के श्रद्धालुओं को एक स्वच्छ, अनुशासित और भक्तिमय माहौल प्राप्त होगा।

