रायपुर: राजधानी रायपुर में आज मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से उनके निवास कार्यालय में गोवा के खेल एवं जनजातीय कल्याण मंत्री श्री रमेश तावड़कर ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए श्री तावड़कर का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह के रूप में प्रसिद्ध बस्तर आर्ट की कलाकृति तथा जशपुर के स्थानीय उत्पाद भेंट किए। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच जनजातीय विकास और खेल क्षेत्र में सहयोग को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश में आधुनिक खेल अधोसंरचना के विकास पर जोर देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रतिभाओं को तराशने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने देश के प्रथम ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ की मेजबानी को राज्य के लिए गौरवशाली बताया और कहा कि यह आयोजन जनजातीय युवाओं के आत्मविश्वास और उनकी सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
उल्लेखनीय है कि श्री तावड़कर के नेतृत्व में गोवा का प्रतिनिधिमंडल इन खेलों में सहभागिता के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध विरासत को समझने के लिए रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन और आदिवासी संग्रहालय का भ्रमण भी करेगा। यह दौरा दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक और खेल विनिमय को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

