रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज रायपुर जिले के चंदखुरी स्थित प्रसिद्ध माता कौशल्या मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम की माता कौशल्या और प्रभु श्री राम के दर्शन कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर प्रगति की कामना की। उन्होंने मंदिर परिसर में भक्तिभाव के साथ समय बिताया और वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री की इस यात्रा के दौरान चंदखुरी में भारी उत्साह का माहौल देखा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु अपने मुख्यमंत्री की एक झलक पाने और मंदिर में दर्शन के लिए उमड़े। मुख्यमंत्री ने वहां उपस्थित जनसमूह और स्थानीय ग्रामवासियों से मुलाकात की और उनकी कुशलक्षेम पूछी। चंदखुरी को भगवान राम का ननिहाल माना जाता है, इसलिए इस मंदिर की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता छत्तीसगढ़ के जनमानस में बहुत गहरी है।
शासन की ओर से इस धार्मिक स्थल को पर्यटन और आस्था के केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अपनी इस यात्रा के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और उनके प्रति अपनी गहरी आस्था का संदेश दिया है।

