छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ गट्टापाड़ के घने जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया है। जानकारी के मुताबिक, जिला पुलिस बल और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम को इस इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर जवान सर्चिंग ऑपरेशन के लिए निकले थे, जहाँ पहले से घात लगाए नक्सलियों ने जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
जवानों ने नक्सलियों की इस हरकत का मुंहतोड़ जवाब देते हुए मोर्चा संभाला। सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई के आगे नक्सली टिक नहीं पाए और घने जंगलों की आड़ लेकर पीछे हटने पर मजबूर हो गए। फायरिंग रुकने के बाद जब इलाके की तलाशी ली गई, तो वहां एक नक्सली का शव बरामद हुआ है। हालांकि, मारे गए नक्सली की शिनाख्त और आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया अभी जारी है।
इस घटना के बाद गट्टापाड़ और आसपास के जंगली क्षेत्रों में सुरक्षाबलों ने सर्चिंग अभियान और तेज कर दिया है ताकि इलाके में छिपे अन्य नक्सलियों का पता लगाया जा सके। सुकमा जैसे संवेदनशील जिले में सुरक्षाबलों की यह कार्रवाई नक्सलियों के नेटवर्क के लिए एक बड़ा झटका मानी जा रही है।

