छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। अंबिकापुर के मां महामाया एयरपोर्ट (दरिमा) से कोलकाता के लिए बहुप्रतीक्षित हवाई सेवा गुरुवार से शुरू हो गई है। एलायंस एयर ने अपने विंटर शेड्यूल के तहत इस रूट को जोड़ा है, जिससे अब उत्तर छत्तीसगढ़ का सीधा संपर्क देश के प्रमुख महानगरों से हो गया है। इस नई शुरुआत से क्षेत्र में व्यापार और पर्यटन को काफी बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
कोलकाता के लिए उड़ानों का संचालन सप्ताह में दो दिन, गुरुवार और शनिवार को किया जाएगा। शेड्यूल के अनुसार, गुरुवार को फ्लाइट बिलासपुर होते हुए अंबिकापुर पहुंचेगी और वहां से कोलकाता के लिए प्रस्थान करेगी। वहीं, शनिवार को यह सेवा अंबिकापुर से उड़ान भरकर बिलासपुर होते हुए कोलकाता तक जाएगी। गुरुवार सुबह 10:25 बजे पहली फ्लाइट इस रूट पर अपनी उड़ान भरेगी , जो स्थानीय यात्रियों के लिए एक बड़ी सुविधा लेकर आई है।
इसी सप्ताह एलायंस एयर ने अंबिकापुर से दिल्ली के लिए भी विमान सेवा शुरू की है, जिसका वर्चुअल शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 30 मार्च को किया था। दिल्ली की उड़ानें सप्ताह में दो दिन, सोमवार और बुधवार को संचालित हो रही हैं। किराए की बात करें तो अंबिकापुर से दिल्ली का सफर ₹6,500 में तय किया गया है, जबकि कोलकाता फ्लाइट का शुरुआती बेस फेयर लगभग ₹6,000 रखा गया है, जो मांग के अनुसार बदल सकता है।
हवाई सेवाओं के इस विस्तार के बीच अब रायपुर-अंबिकापुर-वाराणसी रूट की भी मांग जोर पकड़ने लगी है। सांसद चिंतामणि महाराज और मंत्री राजेश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से इस मार्ग पर सेवा शुरू करने का आग्रह किया है। इसके लिए इंडिगो एयरलाइंस से भी चर्चा चल रही है। यदि यह रूट शुरू होता है, तो अंबिकापुर न केवल प्रशासनिक राजधानी रायपुर से बेहतर तरीके से जुड़ेगा, बल्कि धार्मिक पर्यटन के केंद्र वाराणसी तक पहुंचना भी बेहद आसान हो जाएगा।
अंबिकापुर एयरपोर्ट के पूर्णतः चालू होने से अब सरगुजा के निवासियों को हवाई सफर के लिए रायपुर या रांची जाने की मजबूरी खत्म हो गई है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधि आने वाले समय में उड़ानों की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने और अन्य शहरों से जोड़ने की कोशिशों में जुटे हैं। यह विकास निश्चित रूप से क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक तस्वीर बदलने वाला साबित होगा।
अंबिकापुर-कोलकाता फ्लाइट शेड्यूल
गुरुवार-कोलकाता से उड़ान 7.05 बजे- बिलासपुर पहुंच 8.55 बजे, बिलासपुर से छूट 9.20 बजे, अंबिकापुर पहुंच 10 बजे, अंबिकापुर से छूट 10.25 बजे, कोलकाता पहुंच 12.15 बजे।
शनिवार – कोलकाता से छूट 11.20 बजे, अंबिकापुर पहुंच 13.10 बजे अंबिकापुर से छूट-13.35 बजे, बिलासपुर पहुंच 14.15 बजे बिलासपुर से छूट-14.40 बजे, कोलकाता पहुंच- 16.30 बजे

