दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर, 2026 तक ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह’ का शुभारंभ किया गया है। केंद्रीय सतर्कता आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस सप्ताह का मुख्य विषय ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखा गया है, जिसका उद्देश्य रेल प्रशासन की कार्यशैली में पारदर्शिता और जवाबदेही को और अधिक सुदृढ़ करना है।
इस विशेष अभियान की शुरुआत 26 अक्टूबर को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद द्वारा अधिकारियों और रेलवे कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाकर की गई। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री बजरंग अग्रवाल सहित मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ ईमानदारी और सामूहिक जिम्मेदारी का संकल्प लिया।
सतर्कता सप्ताह को अधिक प्रभावी और सार्थक बनाने के लिए रायपुर रेल मंडल के स्टेशनों और कार्यालयों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके तहत मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों और परिसरों में उद्घोषणा प्रणाली (PA System) के माध्यम से लगातार संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं, ताकि रेल यात्रियों और आम जनता को भी ईमानदारी व सत्यनिष्ठा के महत्व के प्रति जागरूक किया जा सके।

