रायपुर प्रेस क्लब में पत्रकारों के लिए ‘जुंबा क्लास’ का आयोजन – रविवार को महिला पत्रकारों के लिए स्पेशल जुंबा क्लास”
रायपुर प्रेस क्लब ने पत्रकारों की व्यस्त दिनचर्या और मानसिक तनाव को दूर करने के लिए शनिवार को एक विशेष ‘जुंबा क्लास’ का आयोजन किया। प्रेस क्लब परिसर में आयोजित इस सत्र में शहर के वरिष्ठ पत्रकारों और उनके परिजनों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रशिक्षक श्री संतोष कुमार साहू और प्रोफेसर प्रीति सतपथी ने संगीत की धुनों पर जुंबा के विभिन्न अभ्यासों के माध्यम से सदस्यों को शारीरिक स्फूर्ति और मानसिक शांति बनाए रखने के तरीके सिखाए।
प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने इस पहल पर जोर देते हुए कहा कि पत्रकारों के काम में अक्सर स्वास्थ्य पीछे छूट जाता है, इसलिए ऐसे साप्ताहिक आयोजन उन्हें फिट रहने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। कार्यक्रम में महासचिव गौरव शर्मा ‘भारतीय’ और उपाध्यक्ष दिलीप साहू सहित पूरी कार्यकारिणी का विशेष सहयोग रहा। इस दौरान कविता देवांगन, प्रोफेसर राकेश साहू और नागराज समेत कई गणमान्य पत्रकार उपस्थित थे।
इसी कड़ी में, रविवार को विशेष रूप से महिला पत्रकारों के लिए अलग से जुंबा डांस क्लास आयोजित की जाएगी। इस सत्र का मुख्य उद्देश्य महिला पत्रकारों को फिटनेस के प्रति जागरूक करना और उन्हें एक सहज एवं प्रेरणादायक वातावरण प्रदान करना है। क्लब के पदाधिकारियों ने सभी महिला पत्रकारों से इस सत्र में शामिल होने की अपील की है।

