रायपुर : छत्तीसगढ़ की बेटी और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट श्रीमती आकांक्षा सत्यवंशी को आज मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर स्थित निवास पर टाटा सिएरा SUV कार उपहार स्वरूप भेंट की। यह सम्मान भारतीय महिला क्रिकेट टीम की आईसीसी महिला विश्व कप 2025 में मिली ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में टाटा मोटर्स द्वारा दिया गया है। मुख्यमंत्री ने आकांक्षा की उपलब्धि को प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बस्तर और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश के सुदूर अंचल के खिलाड़ियों को अब बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिल रही हैं। वहीं, आकांक्षा ने मुख्यमंत्री के स्नेह के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक अभिभावक के रूप में उनका प्रोत्साहन टीम और प्रदेश के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाता है।
टाटा मोटर्स ने पिछले वर्ष महिला विश्व कप का पहला खिताब जीतने वाली टीम की प्रत्येक खिलाड़ी और प्रमुख सदस्यों को सिएरा एसयूवी का टॉप-एंड मॉडल देने की घोषणा की थी, जिसके तहत आज यह गरिमामय समारोह आयोजित हुआ।

