रायपुर।PM Kisan Samman Nidhi: छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए आज, 13 मार्च 2026 का दिन खुशियों भरा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी असम के गुवाहाटी से देश के करीब 9.32 करोड़ किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त के रूप में 18 हजार 650 करोड़ रुपये हस्तांतरित करेंगे। इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के जरिए छत्तीसगढ़ के 24 लाख 71 हजार 498 किसानों के खातों में 498.83 करोड़ रुपये की राशि भेजी जाएगी। इस कार्यक्रम से छत्तीसगढ़ के लाखों किसान और जनप्रतिनिधि राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद कृषि महाविद्यालय, जोरा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे।
वन पट्टाधारियों और विशेष पिछड़ी जनजातियों को भी लाभ – योजना की खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ के 2 लाख 92 हजार वन पट्टाधारी और 37 हजार 400 विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) के किसानों को भी इसमें शामिल किया गया है। इन जनजातीय किसानों की सहायता के लिए शासन ने ‘कृषि भूमि की अनिवार्यता’ की शर्त को शिथिल किया है। दिसंबर 2018 में शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक प्रदेश के किसानों को कुल 11,283 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदान की जा चुकी है। यह योजना भारत सरकार द्वारा शत-प्रतिशत वित्त पोषित है, जिसके तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता राशि, 2-2 हजार की तीन समान किस्तों में सीधे बैंक खातों (DBT) में भेजी जाती है।
ऐसे चेक करें अपना स्टेटस और लिस्ट में नाम
कृषि विभाग ने किसानों की सुविधा के लिए स्टेटस चेक करने की प्रक्रिया को भी साझा किया है, ताकि वे घर बैठे अपनी किस्त की जानकारी प्राप्त कर सकें:
लाभार्थी सूची (Beneficiary List) में नाम देखें: किसान आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “Beneficiary List” विकल्प चुन सकते हैं। इसके बाद उन्हें अपना राज्य, जिला, तहसील, ब्लॉक और गांव की जानकारी भरनी होगी। ‘Get Report’ पर क्लिक करते ही पूरे गांव के लाभार्थियों की सूची स्क्रीन पर आ जाएगी।
किस्त का स्टेटस (Know Your Status) जानें: यदि आप जानना चाहते हैं कि किस्त आपके खाते में आएगी या नहीं, तो आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं और “Know Your Status” विकल्प पर क्लिक करें। अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा कोड डालकर रजिस्टर्ड मोबाइल पर आए OTP को दर्ज करें। इसके बाद आपके खाते और किस्त की पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

