डोमिनिकन रिपब्लिक की सुंदर जोहेरी मोल ने मिस वर्ल्ड-2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। वियतनाम के न्हा ट्रांग शहर में आयोजित इस भव्य ग्रैंड फिनाले में दुनिया भर की सुंदरियों ने हिस्सा लिया, जहाँ जोहेरी ने अपनी बुद्धिमत्ता, सुंदरता और आत्मविश्वास के दम पर यह प्रतिष्ठित ताज अपने सिर पर सजाया।
इस प्रतियोगिता में स्पेन की एलिसाबेथ रेनेस ने फस्र्ट रनर-अप का स्थान हासिल किया, जबकि मलेशिया की तानुसिया चेट्टी ने सेकेंड रनर-अप के रूप में तीसरा स्थान प्राप्त किया। फाइनल मुकाबले में इन तीनों प्रतियोगियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन जजों और दर्शकों को जोहेरी मोल का अंदाज सबसे ज्यादा पसंद आया।
ताजपोशी के इस ऐतिहासिक और भावुक क्षण में पिछले साल की मिस वर्ल्ड विजेता रहीं थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंगश्री ने जोहेरी को ताज पहनाया। अपने देश की ओर से पहली मिस वर्ल्ड विजेता रहीं ओपल ने नए विजेता को गले लगाकर बधाई दी, जिसे देखकर जोहेरी की आंखें खुशी से छलक आईं।
भारत की ओर से इस प्रतियोगिता में निकिता पोरवाल ने देश का प्रतिनिधित्व किया। निकिता ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप 40 कंटेस्टेंट्स में अपनी जगह बनाई, हालांकि वह अंतिम रूप से टॉप 20 में नहीं पहुंच सकीं। इसके बावजूद उनके सफर को काफी सराहा गया।
मिस इंडिया के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ने निकिता पोरवाल की इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उनकी सराहना की। पोस्ट में लिखा गया कि निकिता ने वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व बेहद शालीनता और आत्मविश्वास के साथ किया, जिससे देश का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है।
इस परिणाम के साथ ही मिस वर्ल्ड के लगातार आठ संस्करणों में भारत के टॉप प्रतियोगियों में जगह बनाए रखने का शानदार सिलसिला भी बदस्तूर जारी है। भारतीय सुंदरियों का यह निरंतर प्रदर्शन वैश्विक मंच पर देश की मजबूत उपस्थिति को दर्शाता है।
भारत के इतिहास पर नजर डालें तो देश के लिए आखिरी बार यह प्रतिष्ठित ताज बॉलीवुड अभिनेत्री मानुषी छिल्लर ने साल 2017 में जीता था। उनसे पहले प्रियंका चोपड़ा (2000), युक्ता मुखी (1999), डायना हेडन (1997), ऐश्वर्या राय (1994) और रीटा फारिया (1966) यह खिताब अपने नाम कर चुकी हैं।
वर्ष 1999 और 2000 का वह दौर भारतीय इतिहास में ऐतिहासिक रहा था, जब देश ने लगातार दो वर्षों तक मिस वर्ल्ड का खिताब जीतकर विश्व पटल पर अपनी ऐतिहासिक जीत का परचम लहराया था और इतिहास रच दिया था।
भव्य समापन के बाद अब मिस वर्ल्ड संगठन की ओर से यह घोषणा भी कर दी गई है कि अगले साल यानी 2027 में मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का अगला संस्करण अफ्रीकी देश तंजानिया में आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां अभी से शुरू हो चुकी हैं।

